पुलिस झण्डा दिवस पर शौर्य, अनुशासन और बलिदान को नमन, एसपी ने फहराया पुलिस ध्वज पुलिसकर्मियों को निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कर्तव्य निभाने का दिलाया संकल्प

जौनपुर। पुलिस झण्डा दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्द में पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने विधिवत पुलिस ध्वज फहराकर पुलिस विभाग की गौरवशाली परंपरा, शौर्य, त्याग और बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने पुलिस विभाग की गरिमा, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के महत्व पर प्रकाश डाला।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस झण्डा दिवस पुलिस विभाग के गौरव, सम्मान और कर्तव्य के प्रति समर्पण का प्रतीक है। पुलिस की पहचान उसके अनुशासन, साहस, सेवा भावना और विपरीत परिस्थितियों में भी कर्तव्यों के प्रति अडिग रहने की प्रतिबद्धता से होती है। पुलिसकर्मियों को इन गौरवशाली परंपराओं को बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।
उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ करने की प्रेरणा दी। आमजन की सुरक्षा, पीड़ितों को न्याय दिलाने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा समाज में शांति और विश्वास कायम करने के लिए पूरी जिम्मेदारी से कार्य करने का आह्वान किया।
एसपी ने पुलिस विभाग की प्रतिष्ठा एवं गरिमा को बनाए रखने के लिए सभी पुलिसकर्मियों को संकल्प भी दिलाया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस झण्डा दिवस के महत्व को आत्मसात करते हुए पुलिस सेवा के मूल उद्देश्यों—जनसेवा, सुरक्षा, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता—के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई।
पुलिस झण्डा दिवस के अवसर पर पुलिसकर्मियों ने विभाग की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।