राजिता सिंह बनीं PCS अधिकारी, क्षेत्र में खुशी की लहर


जौनपुर: जनपद की प्रतिभाशाली बेटियों ने एक बार फिर सफलता का परचम लहराया है। केराकत तहसील क्षेत्र के हुरहुरी गांव की निवासी राजिता सिंह ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (PCS) 2024 परीक्षा में सफलता प्राप्त कर जिले का मान बढ़ाया है।
राजिता सिंह, एसडी पब्लिक स्कूल हुरहुरी की संचालिका रेखा सिंह की होनहार पुत्री हैं। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार, बल्कि पूरे जौनपुर में खुशी और गर्व का माहौल है।
परिजनों और शुभचिंतकों के अनुसार, राजिता शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं और उन्होंने अपने लक्ष्य को पाने के लिए लगातार प्रयास किया। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपने सपनों को साकार कर दिखाया।
राजिता की सफलता ने क्षेत्र के युवाओं, खासकर बेटियों को नई प्रेरणा दी है। लोगों का कहना है कि उनकी उपलब्धि यह साबित करती है कि मजबूत इरादों के साथ कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
गांव और आसपास के इलाकों में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे जौनपुर के लिए गर्व का क्षण बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights