नालंदा शीतला मंदिर भगदड़: मृतकों के परिजनों को 6 लाख रुपये मुआवजा

पटना / नालंदा: शीतला माता मंदिर में हुई भगदड़ में श्रद्धालुओं की मौत के बाद बिहार सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह हादसा अत्यंत दुखद है। उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग से प्रत्येक मृतक के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष से 2-2 लाख रुपये, कुल 6 लाख रुपये अनुग्रह राशि देने का निर्देश दिया है।
सीएम ने कहा कि घटना के बाद वरीय अधिकारी मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।
वहीं, संजय सरावगी ने बताया कि चैत माह के अंतिम मंगलवार के अवसर पर मंदिर में भारी भीड़ उमड़ी थी, जिससे भगदड़ की स्थिति बन गई। उन्होंने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि घायलों का समुचित इलाज कराया जा रहा है और मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
बताया जा रहा है कि दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा स्थित मंदिर में करीब 25 हजार से अधिक श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान शोर-शराबा होने से अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ हो गई।
नालंदा के एसपी भारत सोनी के अनुसार, महिलाएं स्नान के बाद मंदिर में प्रवेश कर रही थीं, तभी गर्मी, पानी की कमी और दम घुटने के कारण कई लोग बेहोश होकर गिरने लगे। इसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई और हादसा हो गया।