मेरठ में 17 वर्षीय छात्रा की हत्या का खुलासा, आरोपी चंडीगढ़ से गिरफ्तार


मेरठ। जिले के कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय छात्रा की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार छात्रा की हत्या के बाद आरोपी ने शव को बोरे में बंद कर नाले में फेंक दिया था। आरोपी को चंडीगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कंकरखेड़ा बाईपास स्थित एक विद्यालय में कक्षा 12 की छात्रा अनुष्का उर्फ रिया 16 अप्रैल 2026 से लापता थी। छात्रा के पिता की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना और जिला स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को रोहटा रोड स्थित एक फास्ट फूड ठेले पर काम करने वाले श्याम धानक पर संदेह हुआ। पूछताछ की भनक लगते ही आरोपी फरार हो गया और चंडीगढ़ क्षेत्र में जाकर छिप गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने छात्रा की हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार 15 अप्रैल की रात दोनों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी ने छात्रा की हत्या कर दी। घटना के बाद उसने शव को छिपाने का प्रयास किया और उसे नाले में फेंक दिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में हत्या और साक्ष्य मिटाने सहित अन्य गंभीर धाराएं बढ़ाई जा रही हैं। अधिकारियों के अनुसार विवेचना के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और आरोपी के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights