जौनपुर में गैस संकट गहराया, धूप में सिलेंडर लेकर घंटों लाइन में खड़े उपभोक्ता

जौनपुर जनपद में एलपीजी गैस की किल्लत अब आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर रोजाना लंबी कतारें लग रही हैं। लोग सुबह से तपती धूप में सिलेंडर लेकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन समय से गैस नहीं मिल पा रही है।
शुक्रवार को बड़ी संख्या में उपभोक्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिलाधिकारी से शिकायत की। लोगों का आरोप है कि बुकिंग के 20 से 25 दिन बाद भी सिलेंडर नहीं मिल रहा, जबकि कुछ लोगों को बिना इंतजार गैस उपलब्ध करा दी जा रही है।
उपभोक्ताओं ने कुछ एजेंसियों पर कालाबाजारी और रसूखदार लोगों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया है। महिलाओं का कहना है कि घंटों लाइन में लगने के बाद “स्टॉक खत्म” बताकर वापस भेज दिया जाता है, जबकि पीछे के रास्ते से कुछ लोगों को गैस दी जा रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को जांच के निर्देश दिए हैं। पूर्ति विभाग की टीमें विभिन्न गैस एजेंसियों की जांच में जुट गई हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी के मुताबिक शादी-विवाह के सीजन और कम सप्लाई की वजह से समस्या बढ़ी है। विभाग द्वारा कमर्शियल गैस की व्यवस्था भी कराई जा रही है। हालांकि आम जनता प्रशासन से पारदर्शी व्यवस्था और एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है।