लखनऊ में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का स्वागत, मुख्यमंत्री योगी ने किया अभिनंदन

लखनऊ, 4 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नबीन शनिवार को पहली बार लखनऊ पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एयरपोर्ट पर उनका भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर और भगवा अंगवस्त्र पहनाकर अभिनंदन किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रदेश सरकार के मंत्रियों और पार्टी कार्यकर्ताओं से परिचय भी कराया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि प्रभु श्रीराम एवं भगवान श्रीकृष्ण की चरणरज से पावन हुई संस्कृति, संस्कार और सृजन की साधना स्थली उत्तर प्रदेश में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के दौरान प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित प्रदेश सरकार के कई मंत्री मौजूद रहे। इसके अलावा सुरेश खन्ना, सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, भूपेंद्र चौधरी, ए.के. शर्मा, धर्मपाल सिंह, नंद गोपाल गुप्ता ‘नन्दी’, संजय निषाद, दारा सिंह चौहान, जेपीएस राठौर, राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा, संजय सेठ, ब्रजलाल और लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संगठन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया और पूरे कार्यक्रम के दौरान स्वागत और अभिनंदन का सिलसिला जारी रहा।