जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक: डीएम ने कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

जौनपुर, 3 जुलाई। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति, सड़क रेस्टोरेशन कार्य, परियोजनाओं की गुणवत्ता तथा भूमि विवाद से प्रभावित कार्यों सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सड़क रेस्टोरेशन के कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कार्यों में तेजी लाने के लिए श्रमिकों (लेबर) की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि अधिक से अधिक घरों तक शुद्ध पेयजल की उपलब्धता हो, ताकि आमजन को योजना का अधिकतम लाभ मिल सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि पूर्ण हो चुकी सभी परियोजनाओं का थर्ड पार्टी निरीक्षण कराया जाए, जिससे गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। जिन परियोजनाओं में भूमि विवाद के कारण कार्य बाधित हैं, उनका त्वरित निस्तारण कर कार्यों को पुनः गति देने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा ठेकेदारों के भुगतान को समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया, ताकि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की रुकावट न आए और सभी परियोजनाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण हो सकें।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।