सूरत के लिंबायत में भीषण आग: एक ही परिवार के 5 लोगों की जिंदा जलकर मौत

सूरत: मंगलवार को सूरत जिले के लिंबायत इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक रिहायशी मकान में लगी भीषण आग में एक ही परिवार के पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तलाशी के दौरान घर के अंदर से पांच लोगों के शव बरामद किए गए। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मौके पर पहुंचे एडिशनल सीपी बलराम मीणा ने बताया कि सुबह लिंबायत पुलिस स्टेशन को घर में आग लगने की सूचना मिली थी। प्रभावित परिवार घर के अंदर साड़ियों की पैकिंग और सिलाई का काम करता था, जिसके कारण बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे खाना बनाते समय गैस सिलेंडर से रिसाव हुआ, जिससे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भयानक रूप ले लिया और घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।
इस हादसे में चार महिलाओं और एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। मृतकों की पहचान शहनाज बेगम अंसारी (65), हुसैना बेगम अंसारी (18), शबीना रमजान अंसारी (28), खुशनुमा अब्दुल अंसारी (19) और सुभान रमजान अंसारी (4) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घर में बड़ी मात्रा में साड़ियों का स्टॉक रखा था। सूरत में पॉलिएस्टर साड़ियों के उत्पादन में केमिकल और ऑयल का इस्तेमाल होता है, जिससे आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।
घटना के समय घर में कोई पुरुष मौजूद नहीं था, केवल महिलाएं और बच्चा ही अंदर थे। फायर ब्रिगेड ने सभी को बाहर निकाला, जिनमें से एक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
फिलहाल पुलिस आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रही है।